सर्वेक्षण में लें हिस्सा, बताएं स्वच्छता की हकीकत
- महुआ एप के माध्यम से फीड बैक दे सकते हैं नगरवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 (नगरीय) को लेकर निकायों में तैयारी तेज कर दी गई है। निकायों के जिम्मेदार आमजन को स्वच्छता संबंधी विवरण देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आमजन भी महुआ एप के माध्यम से सर्वेक्षण से जुड़कर अपनी राय दे सकते हैं।
शासन की ओर से बेहतर निकायों को पुरस्कृत करने के लिए प्रत्येक वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाता है। इस वर्ष भी स्वच्छता को लेकर सर्वेक्षण किया जा रहा है। सर्वेक्षण का कार्य एप के माध्यम से प्रारंभ भी हो चुका है, जिन्हें जानकारी है वे स्वयं एप से जुड़कर अपना मत प्रकट कर रहे हैं। स्वयं के माध्यम से सर्वेक्षण में प्रतिभाग करने के इच्छुक लोग महुआ एप के माध्यम स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में हिस्सा लेकर अपनी राय प्रस्तुत कर सकते हैं तथा संबंधित निकाय के स्वच्छता से संबंधित वांछित जानकारियों को दे सकते हैं। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि नगरवासी अधिक से अधिक संख्या में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में प्रतिभाग करते हुए अपनी राय दें।
25 तक टीम की तरफ से भी होगा सर्वे
स्वच्छ भारत मिशन नगरीय की तरफ से भेजे जाने वाली सर्वे टीम भी 25 मार्च तक जिले में पहुंचकर स्वच्छता की स्थिति को जांचेगी तथा अपनी गोपनीय रिपोर्ट मिशन के जिम्मेदारों को प्रदान करेगी। उसके आधार पर ही परिणामों की घोषणा होगी।