महराजगंज। बुखार पीड़ितों की संख्या जिले में कम होने का नाम नहीं ले रही। मौसम सर्द होने के चलते वायरल फीवर का दौर तेजी से फिर बढ़ रहा है। मरीजों को गले में दर्द व सूखी व बलगम वाली खांसी भी बीमार होने का अहसास करा रही है। सोमवार को 812 रोगियों का उपचार जिला अस्पताल की ओपीडी में किया गया। सांस के रोगियों की संख्या भी अच्छी खासी रही।
दशहरे के बाद मौसम में बदलाव तेजी से हुआ है। वहीं दीपावली के बाद तो बदला मौसम साफ दिखने लगा है। अक्टूबर के दूसरे पखवारे से शुरू हुआ वायरल फीवर का प्रकोप इन दिनों फिर बढ़ा है। लोगों को हल्की ठंड महसूस हो रही है और वह वायरल की चपेट में पहुंच जा रहे हैं। वायरल के 56 मरीज सोमवार देखे गए। इसके साथ ही गले में दर्द, खांसी, आंखों में जलन व संक्रमण के 38 रोगी ओपीडी में पहुंचे। ठंड बढ़ने पर अस्थमा व सांस के रोगियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। बीमारियों ने भी वृद्धजनों पर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। 24 बात के रोगी व 47 की संख्या में सांस के रोगी भी उपचार के लिए पहुंचे। अधिकतर मरीजों को खून जांच कराकर ही रिपोर्ट के अनुसार चिकित्सकों ने दवाएं लिखीं। ठंडी चीजों से बचाव व गुनगुने पानी का सेवन करने की सलाह दी गई। सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि बुखार के मरीज व सर्दी, जुकाम, खांसी व सांस के रोगियों की संख्या बढ़ी है। जांच के बाद बीमारी के अनुरूप दवाएं दी गई। सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।