ओवरलोड 116 तो बिना हेलमेट 387 वाहनों का कटा चालान
यात्री कर अधिकारी ने चलाया अभियान, बकाया टैक्स वसूली के लिए बनी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। यात्री कर अधिकारी मथुरा प्रसाद द्वारा एक माह में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ओवरलोड संचालित हो रहे 116 वाहनों को पकड़कर चालान कर दिया। सितंबर माह में 659 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 49 लाख 85 हजार रुपये का चालान किया गया है। जिसमें विभाग में 4 लाख 40 हजार 500 सौ रुपये जमा भी कराया गया है। यहीं नहीं जिले में वाहन स्वामियों पर बकाया टैक्स की वसूली के लिए एक टीम गठित कर वाहन स्वामियों के घर नोटिस भेजी जा रही है। जिससे अधिक से अधिक बकाया टैक्स जमा कराया जा सके।
यात्री कर अधिकारी ने बताया कि एक से 30 सितंबर तक जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के विरुद्ध संचालन पाए जाने पर कुल 659 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4985000 रुपये समन शुल्क लगाया गया है। जिसमें अब तक 4 लाख 40 हजार पांच सौ रुपये जमा हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ओवरलोड पाए जाने पर 116 वाहनों वाहनों का चालान किया गया। वहीं बिना हेलमेट के वाहन संचालन में 387 वाहनों का चालान किया गया। सीट बेल्ट न लगाने वाले 88, रोड पर जांच में टैक्स बकाए में 34, मोबाइल फोन पर वार्ता करने वाले 9, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 17, बिना रिफलेक्टर टेपर लगाने वाले 8 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा कार्यालय में एक टीम बनी है। यह टीम टैक्स बकाया वाले वाहन स्वामियों के घर पहुंचकर बकाया टैक्स जमा करने के लिए नोटिस दे रही है। अब तक 174 घरों पर टीम द्वारा नोटिस देकर 31 लाख 14 हजार 199 रुपये जमा कराया गया है। टीम में वरिष्ठ सहायक दिनेश तिवारी, सभाजीत तिवारी और राधेश्याम शर्मा ने बताया कि टैक्स बकाया वाले वाहन स्वामियों के घर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद भी वाहन स्वामियों द्वारा अगर बकाया टैक्स जमा नहीं किया गया तो आरसी जारी करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।