चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की होगी जांच, तिथि निर्धारित
माध्यमिक शिक्षा विभाग में विभिन्न विषयों के कुल लगभग 250 अभ्यर्थी का चयन, विषयवार 18 से 22 नवंबर तक होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से जिले में चयनित किए गए विभिन्न विषयों के लगभग 250 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की 18 से 22 नवंबर तक निर्धारित तिथियों में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जांच की जाएगी। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को समस्त अभिलेखों के साथ उपस्थित रहते हुए जांच कराना सुनिश्चित करें। इसमें शिथिलता न बरती जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चयन बोर्ड की ओर से निर्देशित किया गया है कि चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक अहर्ता की जांच करने के उपरांत ही उनका कार्यभार ग्रहण कराया जाए। निर्देश के क्रम में 18 नवंबर को कला, कृषि, समाजिक विज्ञान, संस्कृत व विज्ञान विषय के चयनित अभ्यर्थियों को, 19 नवंबर को हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू व गृह विज्ञान के चयनित अभ्यर्थियों को तथा 20 नवंबर को गणित, जीव विज्ञान व शारीरिक शिक्षा के चयनित अभ्यर्थियों की जांच होगी। इसके साथ ही तीनो दिन छूटे हुए सभी अभ्यर्थियों की 22 नवंबर को जांच की जाएगी। जांच को बेहतर ढंग से करने को लेकर विभाग द्वारा तीन टीम गठित की गई है जो सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक शैक्षिक अहर्ता की जांच करने का कार्य करेगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ लाने होंगे यह कागजात
शैक्षिक अहर्ता व प्रमाणपत्रों की जांच को लेकर अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षिक अंक एवं प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस या बैंक पासबुक, परीक्षा प्रवेशपत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र की मूल प्रति के साथ स्वप्रमाणित की गई समस्त अभिलेखों की दो फाइल व दो फोटो को लानी होगी।