फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुछ प्रत्याशी शिक्षा में, अधिकतर संपत्ति में आगे

विज्ञापन
विज्ञापन
कुछ प्रत्याशी शिक्षा में, अधिकतर संपत्ति में आगे
विज्ञापन

छठे दिन ज्ञानेंद्र, प्रेमसागर, जयमंगल, अमनमणि, कुंवर कौशल सिंह, सदामोहन व सुशील टिबड़ेवाल समेत अन्य ने किया नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन बृहस्पतिवार को जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 27 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान प्रत्याशियों ने अपने शपथपत्र में जो हैसियत दिखाई है, उसके मुताबिक अधिकतर प्रत्याशी करोड़पति हैं तो कुछ लखपति।
पांच वर्ष में 44 लाख बढ़ी विधायक अमनमणि की संपत्ति
नौतनवां विधायक अमनमणि त्रिपाठी (31) ने वर्ष 2017 में स्वयं की चल-अचल संपति 1,51,54, 877 रुपये घोषित की थी। इस बार नामांकन के दौरान उन्होंने अपने शपथपत्र में अपनी संपत्ति 1.85 करोड़ रुपये बताई है। उन्होंने 2012 में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। फिरोजाबाद जिले में व सीबीआई कोर्ट में इनके विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया है कि उनके पास 70 हजार की नकदी, पांच बैंकों में 69,602 रुपये की धनराशि जमा है, जबकि पत्नी ओसिन के पास 50 हजार की नकदी के साथ लगभग 40 हजार रुपये बैंक खाते में जमा हैं। उनके पास पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी हैं। इसके साथ ही 1.45 करोड़ रुपये की कृषि योग्य भूमि है। उनके पास 39 लाख कीमत की इनोवा, स्कार्पियो, फोर्ड फिगो तथा हार्वे डेविडसन मोटरसाइकिल है।
विज्ञापन

3.18 करोड़ रुपये के मालिक हैं कुंवर कौशल सिंह
नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी कुंवर कौशल सिंह (59) ने स्वयं की चल-अचल संपत्ति लगभग 3.18 करोड़ रुपये बताई है। उन्होंने नौतनवां इटर कॉलेज से इंटर तक की शिक्षा ग्रहण की है । उनके विरुद्ध नौतनवां में पांच तथा फरेंदा व कोल्हुई में एक-एक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया है कि उनके पास एक लाख की नकदी, विभिन्न बैंकों में नौ लाख रुपये की धनराशि जमा है, जबकि पत्नी के पास 50 हजार की नकदी के साथ 71,382 हजार रुपये बैंक खाते में जमा हैं। उनके पास दो लाख तीस हजार तथा पत्नी के पास 22.50 लाख मूल्य के जेवरात हैं। उनके पास 20 लाख मूल्य का आवासीय व कृषि भवन है। वाहन में एक स्कूटी है। उन पर लगभग 2.74 लाख रुपये का ऋण भी है।
1.90 करोड़ के मालिक हैं सदामोहन उपाध्याय
नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी सदामोहन उपाध्याय (57) ने स्वयं की चल संपत्ति 1.90 करोड़ रुपये बताई है। उन्होंने दर्शाया है कि वह स्नातक उत्तीर्ण हैं तथा उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उनके पास एक लाख रुपये की नकदी है। 10 लाख कीमत का एक स्कार्पियो वाहन है। उनकी पत्नी निशा के पास दो लाख के जेवरात हैं। उनके पास एक करोड़ रुपये का आवासीय भवन तथा 79 लाख 20 हजार रुपये का कृषि व गैर कृषि योग्य भूमि भी है।
पांच वर्ष में चार गुना बढ़ी विधायक ज्ञानेंद्र सिंह की संपत्ति
पनियरा भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह (64) ने वर्ष 2017 में अपने स्वयं की चल-अचल संपत्ति को लगभग 43 लाख रुपये घोषित की थी। इस बार नामांकन के दौरान दिए गए अपने शपथपत्र में अपनी चल-अचल संपति 1.82 करोड़ रुपये बताई है, जबकि पत्नी इंदुमति के नाम भी लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति होना दर्शाया है। उन्होंने 1972 में पंचायत इंटर कॉलेज परतावल से इंटर तक की शिक्षा प्राप्त की है। उनके विरुद्ध कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। उन्होंने बताया है कि उनके पास तीन लाख 25 हजार रुपये की नकदी तथा चार बैंक खाते में 36 लाख रुपये की धनराशि जमा है, जबकि पत्नी के पास 70 हजार की नकदी है। उनके पास लगभग 2.38 लाख रुपये मूल्य का सोना तथा उनके पत्नी के पास भी 2.38 लाख रुपये के जेवरात हैं। उनके पास सात लाख रुपये मूल्य का स्कार्पियो वाहन है। उन पर 20 लाख का ऋण भी है।
सदर विधायक के पास दो, तो उनकी पत्नी के पास एक असलहा
सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयमंगल कन्नौजिया (48) के पास दो तथा उनकी पत्नी सुनीता कन्नौजिया के नाम से एक असलहा है। वर्ष 2017 मेें जहां उन्होंने स्वयं की चल-अचल संपत्ति 1.08 करोड़ रुपये बताई थी, वहीं, इस बार उन्होंने अपने विवरण में संपत्ति 98 लाख 17 हजार रुपये बताई है। वह 1990 में जूनियर हाईस्कूल पास हैं। सदर विधायक के खिलाफ सदर कोतवाली में केस दर्ज है। उन्होंने बताया है कि उनके पास 70 हजार रुपये की नकदी एवं बैंक खाते में चार लाख रुपये की धनराशि जमा है, जबकि पत्नी के पास 50 हजार की नकदी के साथ विभिन्न खाते में चार लाख जमा हैं। उनके पास एक लाख 10 हजार तथा उनकी पत्नी के पास चार लाख 90 हजार रुपये के जेवरात है। उनके पास 17.25 लाख रुपये मूल्य की दो स्कूटी व एक स्कार्पियो वाहन है।
पांच वर्ष मेें 47 लाख बढ़ी सिसवा विधायक प्रेमसागर की संपत्ति
सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल (59) ने वर्ष 2017 में जहां स्वयं की चल-अचल संपति 1.20 करोड़ रुपये बताई थी, वहीं, पांच वर्ष बाद नामांकन दाखिल करने के दौरान अपने शपथपत्र में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति एक करोड़ 67 लाख रुपये दर्शाई है। उन्होंने बताया है कि वह जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज से 1984 में स्नातक हैं। उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उन्होंने बताया है कि उनके पास 60 हजार रुपये की नकदी तथा साढ़े छह लाख रुपये बैंक खाते में हैं। उनके पास 17 लाख मूल्य का एक स्कार्पियो व जीप वाहन है। पत्नी के नाम पर भी लगभग दो करोड़ रुपये की संपत्ति की बात कही है। उन पर कुल 10 लाख रुपये का ऋण भी है।
1.41 करोड़ के मालिक हैं सुशील टिबड़ेवाल
सिसवा विधानसभा के सपा प्रत्याशी सुशील टिबड़ेवाल (64) ने नामांकन दाखिल करने के दौरान शपथपत्र में अपनी चल-अचल संपत्ति एक करोड़ 41 लाख रुपये दर्शाई है। उन्होंने लिखा है कि वे जीएसवीएस इंटर कॉलेज से 1975 में इंटर पास हैं। उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उन्होंने बताया है कि उनके पास तीन लाख 10 हजार रुपये की नकदी तथा बैंक खाते में चार लाख 72 हजार की धनराशि है। उनके पास चार लाख 90 हजार के जेवरात हैं। वहीं, पत्नी लक्ष्मी देवी के नाम पर भी 1.47 करोड़ रुपये की संपत्ति की बात कही है। पत्नी के पास लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के जेवरात होने की बात लिखी है।
कांग्रेस प्रत्याशी राजू हैं लखपति
सिसवा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजू कुमार गुप्ता (33) ने अपना नामांकन दाखिल करने के दौरान शपथपत्र में चल-अचल संपत्ति 67 लाख रुपये दर्शाई है। उन्होंने बताया है कि वह स्नातक हैं। उनके विरुद्ध प्रतापगढ़ जिले के कन्हाई थाने में केस दर्ज है तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्यालय महराजगंज में भी मामला विचाराधीन है। उन्होंने बताया है कि उनके पास एक लाख रुपये की नकदी तथा बैंक खाते में 72,792 रुपये जमा हैं। उनके पास एक स्कार्पियो वाहन है। उनपर कुल 4.62 लाख रुपये का ऋण भी है। पत्नी के नाम 50 हजार की नकदी समेत लगभग 31 लाख की संपत्ति है।
राजनीति शास्त्र से परास्नातक हैं बसपा प्रत्याशी धीरेंद्र
सिसवा विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी धीरेंद्र प्रताप सिंह (40) ने अपना नामांकन दाखिल करने के दौरान शपथपत्र में अपनी चल-अचल संपत्ति 74 लाख रुपये दर्शाई है। उन्होंने बताया है कि वे 2010 में राजनीतिशास्त्र से परास्नातक हैं। उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उनके पास एक लाख रुपये की नकदी तथा बैंक खाते में लगभग 11 लाख रुपये हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी नीरजा सिंह के नाम भी लगभग एक करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति है। उन पर कुल 10 लाख रुपये का ऋण भी है।
विज्ञापन

अजय श्रीवास्तव के पास है दस करोड़ की चल-अचल संपत्ति
सिसवा विधानसभा क्षेत्र के निर्दल प्रत्याशी अजय श्रीवास्तव (48) ने नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान अपने शपथ में दर्शाया है कि उनके पास लगभग दस करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। उन्होंने बताया है कि उन्होंने एमए, बीएड व एलएलबी किया है। उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उनके पास कुल दो लाख की नकदी तथा विभिन्न बैंक खाते में 4.43 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास एक मोटरसाइकिल व 98 हजार रुपये मूल्य के जेवरात हैं। दो लाख 30 हजार मूल्य के रिवाल्वर, पिस्टल व रायफल भी है। उन पर कुल 2.39 करोड़ का ऋण भी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें