36 गांवों में कैंप लगाकर बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड
- नौ अगस्त तक चलेगा नि:शुल्क आयुष्मान पखवाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड (गोल्डन कार्ड) मुहैया कराने के लिए नि:शुल्क आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। यह पखवाड़ा आगामी नौ अगस्त तक चलेगा। पखवाड़े के तहत प्रतिदिन सभी बारह ब्लॉकों के 36 गांवों में कैंप लगाकर कार्ड बनाया जा रहा है। इस कार्य में आशा, आरोग्य मित्र के अलावा पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जा रहा है।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि नि:शुल्क आयुष्मान पखवाड़े के तहत प्रत्येक ब्लॉक के तीन-तीन गांवों में सेवा दिवस आयोजित कराकर आयुष्मान कार्ड बनवाए जा रहे हैं। जिस गांव में कैंप लगाया जा रहा है। उस गांव में दो दिन पहले से प्रचार-प्रसार कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ऐसा प्रयास किया जा रहा है कि हर चयनित परिवार में कम से कम एक कार्ड जरूर बन जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी लाभार्थी को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी साथ लाना होगा। कैंप संबंधित ग्राम पंचायत के किसी सार्वजनिक स्थान जैसे पंचायत भवन, विद्यालय या अन्य किसी सुविधाजनक स्थान पर आयोजित किया जाता है।
जिले में हैं कुल 1.48 लाख लाभार्थी परिवार
नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के कुल एक लाख 48 हजार 450 लाभार्थी परिवार हैं, जिसमें कुल लाभार्थियों की संख्या करीब सात लाख 42 हजार 250 हैं। इनमें से 29 जुलाई तक एक लाख 63 हजार 491 लोगों का आयुष्मान कार्ड बना दिया गया है।
नि:शुल्क पखवाड़े में बने गोल्डेन कार्ड का विवरण
26 जुलाई को -----1156 कार्ड
27 जुलाई को-----1411 कार्ड
28 जुलाई को-----1404 कार्ड
29 जुलाई को-----1412 कार्ड
आयुष्मान कार्ड से लाभ
नोडल अधिकारी ने बताया कि इस कार्ड से लाभार्थी पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज करा सकता है। कार्ड होने पर आरोग्य मित्र सत्यापित कर त्वरित इलाज में सहयोग करता है। समय से अस्पताल पहुंचने में आसानी होती है। 29 जुलाई तक आयुष्मान भारत योजना के तहत कुल 6508 लाभार्थियों का नि:शुल्क इलाज हो चुका है।