महंगी सिंचाई से किसानों को मिलेगी राहत
महराजगंज। जिले के किसानों के लिए पीएम कुसुम योजना संजीवनी साबित होगी। प्रदेश सरकार ने बजट में इस योजना के तहत निशुल्क सोलर पैनल उपलब्ध कराने की बात कही है। इससे किसानों को काफी फायदा मिलेगा। एक एकड़ खेत की सिंचाई में करीब 1400 रुपये खर्च हो जाते हैं। सोलर पैनल मिलने से किसानों को महंगी सिंचाई से राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार जिले में लगभग पांच लाख से अधिक किसान चिह्नित हैं। 180 लाख हेक्टेयर भूमि पर खेती की जाती है। किसानों की सिंचाई में मुश्किलों को देखते हुए सरकार से इस योजना के तहत उन्हें राहत पहुंचाने की कोशिश की गई है। इसके तहत निशुल्क सोलर पैनल मिलेगा। बजट में इसकी घोषणा होने से किसानों ने राहत महसूस करते हुए इसे बेहतर बताया है। किसानों के अनुसार सरकार ने किसानों के हित के लिए कारगर कदम उठाया है।
-----------------
सोलर पैनल मिलेगा तो इससे पंप चलाने में आसानी होगी। डीजल की खपत नहीं होगी। एक एकड़ खेत की सिंचाई करने में करीब 1400 रुपये खर्च हो जाते हैं। कई बार अगर पंपिंगसेट से सिंचाई करनी पड़ती है तो जेब ढीली हो जाती है।
बंदेश्वर सिंह, किसान, चकदह
------------------
सरकार ने किसानों के हित में अच्छा कदम उठाया है। इससे सिंचाई पर होने वाले खर्चों में कमी आएगी। खेती में लागत कम होती तो किसानों की आय बढ़ेगी। सरकार ने किसानों के हित पर गंभीरता दिखाई है।
रामबहाल, किसान, करमहवा
-----------------------
पीएम कुसुम योजना का लाभ किसानों को शासन से मिले दिशा-निर्देश के अनुसार दिया जाएगा। जिले के किसान योजना के तहत लाभान्वित होंगे। विभाग की योजनाओं का लाभ देकर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास जारी है।
वीरेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी