महराजगंज जिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मिठौरा शाखा में खाता धारकों के खाते से रकम उड़ाने के आरोप में शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। अब तत्कालीन शाखा प्रबंधक फरार बताया जा रहा है। ऋण के खाते की सीमा को बढ़ाकर उस खाते से रकम निकालने का आरोप है। बैंक के आरएम की तहरीर पर 19 जुलाई से 18 अक्तूबर 2021 तक शाखा प्रबंधक रहे नीरज कुमार वर्मा निवासी 241 नरोत्तम नगर, थाना सिधौली, जिला सीतापुर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मिठौरा शाखा में लालती देवी का ऋण संबंधी खाता है। लालती ने खाते से पूर्व में 27 हजार रुपये का ऋण लिया था। आरोप है कि इस खाते से तत्कालीन शाखा प्रबंधक नीरज वर्मा ने अपने अधिकार का दुरुपयोग करते हुए ऋण सीमा को 27 हजार से बढ़कर 9 लाख 90 हजार कर उस खाते से स्वयं 7 लाख 33 हजार की निकासी कर ली।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के आरएम लाल बच्चा झा ने बताया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक द्वारा बैंक के 31 खाता धारकों के खातों से अलग-अलग तिथियों में 36 किस्तों में 32 लाख 99 हजार 673 रुपये की निकासी की गई। इसका कहीं कोई वाउचर बैंक शाखा में उपलब्ध नहीं है। जिसकी शिकायत प्राप्त होने के बाद पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करायी गई। जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आने पर वह फरार हो गए।
तत्कालीन शाखा प्रबंधक नीरज को विभागीय स्तर से निलंबित कर दिया गया है। सिंदुरिया थाने में उक्त धोखाधड़ी करने वाले शाखा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सिंदुरिया थानाध्यक्ष रामकृष्ण यादव ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा मिठौरा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक नीरज के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत कई धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
उधर, आरोपी तत्कालीन शाखा प्रबंधक से उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया। लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष मिलते ही प्रकाशित किया जाएगा।