जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट लगेगी
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट लगने से ज्यादा काम आएगा रक्त
एक यूनिट ब्लड का लाभ चार लोगों को दिया जा सकेगा, जगह चिन्हित कर प्रस्ताव बनाने की प्रक्रिया शुरू
संजय कुमार पांडेय
महराजगंज। जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट (बीसीएसयू) बनाई जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में अब तक एक यूनिट का लाभ एक मरीज को ही मिलता है। लेकिन नई व्यवस्था के बाद एक यूनिट ब्लड को चार भाग में अलग-अलग बनाया जाएगा। इसके बाद एक यूनिट ब्लड का लाभ जरूरत के अनुसार चार मरीजों को मिलेगा। राज्य सरकार ने जिला चिकित्सालयों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित करने की घोषणा के बाद अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सीएमओ को पत्र भेजकर जरूरी करवाई का निर्देश दिया है।
रक्तकोष के प्रभारी डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की क्षमता 900 यूनिट ब्लड रखने की है। औसतन प्रतिदिन 10 यूनिट ब्लड की यहां खपत होती है। अब तक यहां ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट न होने के कारण एक यूनिट ब्लड एक मरीज के ही काम आता है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट में ब्लड की एक यूनिट को चार अलग-अलग पार्ट में बांटा जा सकेगा। इसके बाद जरूरतमंदों को ब्लड के जरूरी तत्व ही दिए जाएंगे। जिले में डेंगू, मलेरिया, आग से जलने, घायल आदि के पीड़ितों के मामले आते हैं। इन पीड़ितों को ब्लड चढ़ाने की जरूरत पड़ती है, लेकिन कई पीड़ितों को ब्लड के सहयोगी तत्व चढ़ाने की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि ब्लडबैंक में ब्लड से तत्व अलग-अलग करने की सुविधा नहीं होने से दिक्कतें आती थीं। ब्लड बैंक में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट में ब्लड से चार अलग-अलग तत्व निकालने का काम किया जा सकेगा। इसके बाद जिस जरूरतमंद को ब्लड के चार तत्वों में से जिस तत्व की जरूरत होगी उसे वही तत्व दिया जाएगा। संवाद
--------------
ऐसे काम करती है कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट
-ब्लड में चार कंपोनेंट होते हैं। इनमें रेड ब्लड सेल (आरबीसी), प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसीपिटेट शामिल हैं। सेपरेशन यूनिट में ब्लड की परत दर परत को अलग किया जाता है। इसके बाद आरबीसी, प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसीपिटेट अलग-अलग हो जाते हैं। जरूरत के मुताबिक इनको निकाल लिया जाता है। निकले गए रक्त के प्रत्येक तत्व की अलग-अलग जीवन अवधि होती है। एक यूनिट तीन से चार लोगों की जरूरत पूरी कर सकती है।
-------------------
तैयार हो रहा प्रस्ताव
स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता आरएन सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक परिसर में ही जगह चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।
--------------
ब्लड बैंक में ब्लड कम्पोनेंट सेप्रेशन यूनिट लगाने के लिए शासन की ओर से प्रस्ताव मांगा गया है। जगह चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही इसपर कार्य शुरू कराया जाएगा।
डॉ. एके राय, सीएमएस