फरेंदा भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अस्थि कलश यात्रा निकाली।
- फोटो : MAHARAJGANJ
भाकियू ने अस्थि कलश यात्रा निकाली
लखीमपुर कांड में मृत किसानों को दी गई श्रद्धांजलि
फरेंदा। लखीमपुर कांड में मृत किसानों की याद में भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुंडेरवा से फरेंदा पहुंची अस्थि कलश यात्रा को श्रद्धांजलि दी। भाकियू कार्यकर्ता कस्बे का भ्रमण कराते हुए मृत किसानों की याद में नारे लगाए गए।
भाकियू के प्रदेश संगठन मंत्री जगराम चौधरी व मंडल महासचिव आशीष अग्रहरि, जिलाध्यक्ष सुरेश चंद सहानी के साथ दर्जनों कार्यकर्ता अस्थि कलश यात्रा लेकर कस्बे के मिल गेट चौराहा से होते हुए स्टेशन रोड, विष्णु मंदिर चौराहा से आंबेडकर तिराहे पर पहुंचे। यहां पर प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा कि 11 महीने से गाजीपुर बार्डर पर बैठे किसानों की सरकार कोई सुधि नहीं ले रही है। लखीमपुर की घटना बेहद निंदनीय है। सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। जब तक तीनों कृषि कानूनों में बदलाव नहीं होता, तब तक आंदोलन चलता रहेगा।
मंडल महासचिव आशीष अग्रहरि ने कहा कि जब तक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा को बर्खास्त नहीं किया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष सुरेश सहानी ने कहा कि किसानों की हितैषी कहने वाली सरकार किसानों के उत्पीड़न पर लगी है। किसान सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार चुप्पी साधे बैठी है। इस दौरान विष्णु यादव, हरिश्चंद पांडेय, रामहित यादव, जगदीश निषाद, सुधिराम मौर्य, सकीना खातून आदि मौजूद रहीं।