महराजगंज। घुघली क्षेत्र में सोमवार को कुछ मनबढ़ों ने गोलबंद होकर एआरटीओ से दुर्व्यवहार कर पकड़े गए वाहन को छुड़ाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं मनबढ़ों ने एआरटीओ को धमकी भी दी। एआरटीओ की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में एआरटीओ विनय कुमार ने कहा कि सोमवार को टीम के साथ घुघली थाना क्षेत्र में डग्गामार बसों की जांच की जा रही थी। इसी बीच एक बस को रोकर जांच की गई तो वाहन का फिटनेस, टैक्स, बीमा, प्रदूषण फेल पाया गया। इतना ही नहीं वाहन में मानक से अधिक 18 यात्री खड़े होकर सफर करते मिले। उसके बाद वाहन को कब्जे में लेकर थाने पर पुलिस को सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि इसी बीच वाहन मालिक कुछ लोगों के साथ गोलबंद होकर आ पहुंचे। फिर वह लोग उनके साथ दुर्व्यहार करते हुए कब्जे में ली गई बस को छुड़ाने का प्रयास करने लगे।
विरोध करने पर उन लोगों ने उन्हें धमकी भी दी। किसी तरह से मनबढ़ों के चंगुल से बचते हुए कब्जे में ली गई वाहन को थाने पहुंचा पुलिस को सुपुर्द कर दी गई। इसके बाद मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार ने कहा की पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ की तहरीर पर वाहन मालिक विजेंद्र पांडे उर्फ गुड्डु पांडे निवासी भुवनी टोला चुवनी थाना घुघली के अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।