भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर टिप्पणी से नाराज भाजपाइयों ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला।
लक्ष्मीपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर की गई टिप्पणी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उनका पुतला फूंका। शाम को लक्ष्मीपुर बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए अखिलेश के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता अशोक कुमार जायसवाल ने किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन के निकट एकत्रित हुए और पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी करना न केवल राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों को भी ठेस पहुंचाने वाला है।
भाजपा नेता अशोक कुमार जायसवाल ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी भी वरिष्ठ नेता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को सार्वजनिक रूप से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।