नौतनवा। क्षेत्र के एक गांव की युवती ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर फरेंदा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर दुष्कर्म करने, शादी का झांसा देने, जान से मारने आदि आरोप लगाया। शिकायती पत्र के आधार पर नौतनवा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
युवती ने बताया कि 16 दिसंबर 2023 को फरेंदा क्षेत्र के एक युवक से नौतनवा क्षेत्र अड्डा बाजार में एक इंटर काॅलेज के पास मुलाकात हुई। उसके बाद युवक ने बहला फुसलाकर शादी का झांसा देते हुए बिना उसकी मर्जी के दुष्कर्म किया और अपने मोबाइल में फोटो भी खींचा था। किसी को बताने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। दिसंबर 2023 से ही कई बार गलत काम करता था।
युवती के मना करने पर कहता था कि तुमसे शादी करूंगा। झूठा दिलासा देते हुए उन्हें कई बार लेहड़ा व बनैलिया मदिर नौतनवा में भी लेकर घुमाया था। वह करीब पांच महीने की गर्भवती है। जब शादी के लिए दबाव बनाई तो आरोपी ने बनैलिया मंदिर में उनके साथ छल करते हुए झूठा सिंदूरदान किया। करीब 10 दिनों से युवक कहता है कि अब नहीं रखेंगे और जान से मारने की धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। संवाद