महराजगंज। होली को देखते हुए भारत-नेपाल की सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। पगडंडियों पर एसएसबी के जवानों ने गश्त बढ़ा दी है। सीमा पर सीसीटीवी से भी नजर रखी जा रही है।
जिले में जहां पर होली के मद्देनजर जुलूस निकाला जाता है, वहां पर भी पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है, जिससे कोई भी असामाजिक तत्व होली के पर्व में खलल न डालने पाए। पुलिस ने पेट्रोलिंग करके लोगों से शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाने की अपील की। भारत-नेपाल सीमावर्ती गांव में कड़ी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों को रोकने एवं देश विरोधी तत्वों से निपटने के लिए सीमावर्ती नगर कस्बों में पुलिस और एसएसबी ने गश्त कर सघन जांच की।
पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। सीमा पर आने जाने वाले लोगों की गहन तलाशी ली जा रही है। परिचय पत्र देखने के बाद ही भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने की अनुमति मिल रही है। जनपद के 84 किलोमीटर की खुली सीमा पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा को लेकर कर्मी सतर्क रहे। पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
इन क्षेत्रों में रही कड़ी निगरानी
सोनौली, खनुवा, भगवानपुर, बरगदवा, ठूठीबारी निचलौल जैसे प्रमुख आवागमन सीमा के अलावा खुली सीमा के पगडंडी रास्तों पर एसएसबी पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। नेपाल से सटे जनपद में एसएसबी की 66 वीं व 22वीं बटालियन के जवानों ने सरहद पर गश्त बढ़ा दी है। कोल्हुई, भगवानपुर, खनुआ, शेख फरेंदा, बरगदवा, हरदीडाली, श्यामकाट, सुंडी, छपवा, संपतिहा व चंडीथान, बरगदवा, परसामलिक, ठूठीबारी, लक्ष्मीनगर, निचलौल समेत दर्जनों गांव के पगडंडी रास्तों पर एसएसबी जवान, पुलिस कर्मी व अन्य खुफिया विभाग के लोग चौकस है।
नेपाल में होली को लेकर सरहद पर पसरा रहा सन्नाटा
नेपाल में सोमवार को ही होली पर्व मनाया गया जिसको लेकर सीमावर्ती क्षेत्र सोनौली और ठूठीबारी के कार्यालय बंद रहे। होली के कारण दुकानों पर ग्राहकों का आना नहीं हुआ। नेपाल समान लेकर जाने वाले मालवाहक ट्रक खडे रहे।