भंसार कार्यालय में घूमने वाले बिचौलियों पर कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
- अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक रूपनदेही ने दिया कार्रवाई का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भैरहवा (नेपाल)। बेलहिया भंसार कार्यालय में वाहनों की सुविधा व भंसार बनाने के नाम पर भारतीय पर्यटकों से भंसार शुल्क से अधिक वसूली करने के आरोप में पांच बिचौलियों को पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बुधवार को गिरफ्तार किया गया।
अमर उजाला के 14 जून के अंक में ‘बेलहिया भंसार दफ्तर में पर्यटक बिचौलियों की वजह से परेशान’ शीषक से खबर प्रकाशित होने पर पुलिस अधीक्षक रूपनदेही ने संज्ञान लेते हुए इंस्पेक्टर बेलहिया जितेंद्र श्रेष्ठ को बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिया था। इंस्पेक्टर बेलहिया ने भंसार कार्यालय के आसपास पुलिस टीम लगाकर पर्यटकों के साथ गाड़ी पास कराने के नाम पर वसूली कर रहे पांच बिचौलियों को गिरफ्तार कर लिया। पर्यटकों ने कहा कि बिचौलियों का हस्तक्षेप कम होने पर पारदर्शिता के साथ काम होगा। अनावश्यक रकम भी नहीं खर्च करनी पडे़गी। पुलिस अधीक्षक रूपनदेही रविंद्र रेगमी ने बताया कि बेलहिया भंसार कार्यालय पर भारतीय पर्यटकों के साथ गाड़ी पास कराने के नाम पर अवैध वसूली करने वाले पांच बिचौलियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।