एक अभियुक्त को छह महीने तक थाने पर हाजिरी का आदेश
महराजगंज। पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत चार अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की है। जुलाई 2026 के दौरान संगठित एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए तीन अभियुक्तों को जिला बदर किया गया है। साथ ही एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने पर अनिवार्य रूप से हाजिर होने का आदेश दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू अंसारी टोला निवासी अजमल अंसारी, घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बलडीहा निवासी गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव और पनियरा थाना क्षेत्र के मंजूरी निवासी विद्यासागर को जनपद की सीमा से जिला बदर कर दिया गया। इसके अलावा ठूठीबारी थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी श्रवण हरिजन को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण और जनसुरक्षा पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध समाज में भय का वातावरण पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराधियों की पहचान कर समयबद्ध और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।