सोनौली। नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश कर काठमांडो की पांच फैक्टरियों में काम कर रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सशस्त्र पुलिस (एपीएफ) ने हिरासत में लिया है। खुफिया सूचना पर पांच अलग-अलग फैक्टरियों में छापेमारी कर सभी को पकड़ा गया।
कार्रवाई के बाद उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया है। सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी नेत्र कार्की के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक सीमावर्ती क्षेत्र से अवैध रूप से नेपाल में दाखिल होने के बाद काठमांडो में रहकर पश्मीना उद्योगों में काम कर रहे हैं।
इस पर एपीएफ की टीम ने छापेमारी की। रूबी पश्मीना कंपनी, लिस्टिमाई पश्मीना उद्योग, आरपी पश्मीना उद्योग, सिद्धार्थ सिवानी पश्मीना उद्योग और गोल्डन पश्मीना हैंडीक्राफ्ट से 10 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया।
इनकी पहचान मोहम्मद मुक्तर होसेन (45), अब्बास अली (39), रफिक आलम (46), मोहम्मद अरिफ सोसन (40), अजिजुल (30), अब्दुल कादर (29), मोहम्मद आलम (37), मेहेताब मंडल (36), रातुल इस्लाम (20) और बसर खान (30) के रूप में हुई है।
डीआईजी ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी नागरिकों को काठमांडो के कालिकास्थान स्थित आव्रजन विभाग के हवाले कर दिया गया है। ये लोग नेपाल में किस रास्ते से दाखिल हुए और कब से फैक्टरियों में काम कर रहे थे, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रवेश, निवास और रोजगार संबंधी दस्तावेज की स्थिति भी आव्रजन विभाग की जांच के बाद स्पष्ट होगी।