खनुआ। एसएसबी 66वीं वाहिनी के बीओपी जोगियाबारी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर ई-रिक्शा पर लदी 16 बोरी यूरिया खाद के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को कस्टम नौतनवा को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, सीमा चौकी जोगियाबारी के प्रभारी समरजीत सिंह सहायक कमांडेंट ने बताया कि खुफिया तंत्र से सूचना मिली कि संपतिया पावर हाउस के नजदीक से एक व्यक्ति ई-रिक्शा पर अवैध खाद लादकर नेपाल ले जाने की फिराक में है। इस पर विशेष गश्ती दल का गठन कर वहां भेजा गया। कुछ समय पश्चात एक व्यक्ति ई-रिक्शा लोडर पर खाद लादकर सीमा की तरफ आता हुआ दिखाई दिया।
गश्ती दल ने उसे रोका और खाद से संबंधित वैध दस्तावेज मांगा, जिस पर वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाया। जवानों ने उसे 16 बोरी यूरिया खाद और ई-रिक्शा तथा उसका मोबाइल फोन के साथ हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम इस्तफाक अंसारी ग्राम/पोस्ट नईकोट, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज बताया और स्वीकार किया कि वह यह खाद कुछ अधिक मूल्य देकर बिना किसी वैध कागजात के लाया था और इसे अवैध रास्ते से मंझरिया (नेपाल) ले जाकर बेचने की योजना थी। अभियुक्त को बरामद 16 बोरी यूरिया खाद और एक मोबाइल फोन एवं ई-रिक्शा के साथ विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया।