फरेंदा। सिधवारी ग्राम प्रधान द्वारा भींटी की जमीन पर अतिक्रमण की सूचना पर भी उचित कार्रवाई न करने तथा उच्चाधिकारियों को सही जानकारी न देने व आबादी की भूमि पर जिसमें विद्यालय निर्मित है उस भूमि पर किसी एक व्यक्ति को स्वामित्व योजना में लाभ देने का आरोप की जांच कर रहे तहसीलदार की रिपोर्ट पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर एसडीएम रमेश कुमार ने हल्का लेखपाल जितेंद्र सहानी को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी गई है।
सिधवारी गांव के मामले को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगा यादव के साथ गांव के तमाम लोग विद्यालय के बगल में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। गांव के लोगों की मांग है कि पोखरी के बगल में स्थित भूमि को प्रशासनिक अधिकारियों की मिली भगत से एक व्यक्ति के नाम से बैनामा कर दिया गया। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान के देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार को पूर्व विधायक विनोद मणि त्रिपाठी के साथ कांग्रेस नेता विजय सिंह एडवोकेट के साथ तमाम लोग धरने के समर्थन में पहुंच रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि सरकारी भूमि को खाली कराते हुए दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान डॉ. रामनरायन चौरसिया, गंगा पासवान, शफीक अहमद, फौजदार, इसरार, राधेश्याम, टाइगर व चंदन तिवारी मौजूद रहे।