निर्वाचन में लगेंगे लगभग 650 वाहन, तैयारी में जुटे जिम्मेदार
महराजगंज। छठे चरण में तीन मार्च को जिले के 2221 मतदेय स्थलों पर निर्वाचन के लिए लगभग 650 वाहनों की आवश्यकता होगी। मतदान पार्टियों को ले जाने के लिए 450 वाहन तथा सेक्टर व अन्य अधिकारियों के लिए लगभग 200 हल्के वाहनाें की जरूरत पड़ेगी। इसको ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारों ने वाहनों की व्यवस्था करनी शुरू कर दी है।
जिले में मतदान को बेहतर ढंग से कराने के लिए 2221 मतदेय स्थल पर मतदान पार्टियों को भेजा जाएगा। इन मतदान पार्टियों को बूथों तक पहुंचाने के लिए रुटवार वाहनों का निर्धारण किया गया है। इस बार कम से कम दो पार्टियों व अधिक से अधिक आठ पोलिंग पार्टियों को बसों से भेजा जाएगा। फरेेंदा विधानसभा क्षेत्र में 74 वाहन, नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में 77 वाहन, सिसवा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 85 वाहन तथा सदर व पनियरा विधानसभा क्षेत्र में 84-84 वाहनों की आवश्यकता है।
इसके साथ ही दस प्रतिशत से अधिक वाहनों को आरक्षित भी किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि निर्वाचन कार्य को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए वाहनों का प्रबंध किया जा रहा है। समय रहते वाहनों की व्यवस्था कर ली जाएगी।
सेेेक्टर व जोनल के लिए लगभग 200 हल्के वाहन जरूरत
सेक्टर, जोनल, आब्जर्वर, लाइजन आफिसर, उड़नदस्ता टीम, वीडियो निगरानी टीम एवं स्थायी निगरानी टीम के लिए भी लगभग 200 हल्के वाहनों की आवश्यकता होगी। इसकी व्यवस्था भी की जा रही है।