लक्ष्मीपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसाहिया में बृहस्पतिवार को आधार कैंप लगना था, लेकिन मौके पर आधार बनाने वाले ऑपरेटर नहीं पहुंचे। लापरवाही के चलते सैकड़ों ग्रामीणों को बिना आधार कार्ड बनवाए ही लौटना पड़ा। इससे ग्रामीण भड़क उठे और जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को लक्ष्मीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसाहिया में कैंप लगाने का निर्देश था। सूचना के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय भैसाहिया पर सुबह 7 बजे करीब डेढ़ सौ से अधिक ग्रामीणों की भीड़ लग गई, जिसमें अधिकतर 5 वर्ष से 15 वर्ष तक के बच्चे शामिल थे। केंद्र पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने घंटों इंतजार किया, लेकिन आधार बनाने वाले ऑपरेटर मशीन लेकर नहीं पहुंचे। कई ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे जहां जा रहे हैं वहां से निराश लौटना पड़ रहा है।
विनोद, संतराम, पारस, जयप्रकाश, अकबाल आदि ग्रामीणों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि आधार कार्ड न बनने के कारण उनके बच्चों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बिना आधार कार्ड के बच्चों का स्कूल में एडमिशन नहीं हो पा रहा और राशन कार्ड से भी लाभ लेने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें आवश्यक सेवाओं से वंचित रहना पड़ेगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी लक्ष्मीपुर अनुराग कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भैसाहिया में इंटरनेट और इन्वर्टर की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आधार नहीं बन सका। अब शुक्रवार को को ब्लाॅक मुख्यालय लक्ष्मीपुर पर आधार कार्ड कैंप लगेगा।