भैरहवां भंसार कार्यालय परिसर में खड़े भारतीय ट्रक में लगी आग
सोनौली (महराजगंज)। भारत नेपाल सीमा सोनौली से सटे भैरहवां भंसार कार्यालय परिसर के अंदर खड़े केमिकल से लदे एक भारतीय ट्रक में आग लग गई। इससे आसपास खड़े वाहन चालकों में अफरा तफरी मच गई। गैस और पेट्रोल डीजल के वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर पीछे और आगे की तरफ भागने लगे। मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस और भंसार के कर्मचारियों ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे बेलहिया भंसार कार्यालय के प्रांगण में फोम बनाने के केमिकल से लदे भारतीय ट्रक भारत से नेपाल जाने के लिए कस्टम जांच क्रम में भैरहवां कस्टम कार्यालय पर खड़े थे। अचानक ट्रक पर लदे केमिकल में आग लग गई जिससे वाहन का ज्यादातर हिस्सा जल गया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया जिसके कारण बेलहिया कस्टम प्रांगण में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है करीब 500 वाहन प्रांगण में हैं। ज्यादातर भारतीय मालवाहक ट्रक के साथ डीजल पेट्रोल और गैस से भरे वाहन पास होने के लिए खड़े हैं। भैरहवा भंसार कार्यालय के सूचना प्रवक्ता तीर्थ राज पासवान ने बताया कि पुलिस की मदद से दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया। ट्रक पर लदा केमिकल जल गया और भारतीय वाहन को भी जलने से ज्यादा नुकसान हुआ है। आग लगने की घटना की जांच की जा रही है।