जिले में 139 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र तैयार, मरीजों को घर के नजदीक ही मिलेगी स्वास्थ सुविधाएं
किराए के भवन में जल्द शुरू होंगे उपकेंद्र, एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में 139 नए उपकेंद्र को जल्द ही किराए के भवन में संचालित किया जाएगा। इसके लिए एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे लोगों को घर के नजदीक में ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे नवजात शिशुओं को लगने वाले टीके के अलावा गर्भवती महिलाओं को काफी सहूलियत होगी। प्रदेश सरकार की ओर से इस वर्ष जिले के 139 नए उपकेंद्र के संचालन के निर्देश दिए गए हैं। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर जिले में संचालन के लिए जगह चिहिंत कर सूचना भेज दी गई है।
सरकार इस वर्ष जिले को 139 स्वास्थ्य उपकेंद्र की सौगात दी है। इसमें सदर, घुघली, नौतनवां, सिसवां के साथ ही सभी 12 ब्लॉकों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र तैयार किए जाएंगे। सभी ब्लॉकों में यह नए उपकेंद्र जल्दी संचालित किए जाने के लिए निर्देश दिए गए थे। ऐसे में स्वास्थ्य महकमे ने संबंधित ग्राम पंचायतों को पत्र भेजकर जमीन मुहैया कराने का आग्रह किया है। वहीं दूसरी ओर से जब तक जमीन की उपलब्धता और भवन का निर्माण कार्य पूरा न हो जाए, तब तक किराए के भवन में ही केंद्र संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि 139 स्थानों पर स्वास्थ्य उपकेंद्र के संचालन के लिए व्यवस्था कर ली गई है, जिसकी रिपोर्ट शासन स्तर तक भेज दी गई है।
जिला कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर संदीप पाठक ने बताया कि सभी 139 उपकेंद्रों के लिए किराए के भवन चिहिंत कर लिए गए हैं। करीब सभी जगहों पर एग्रीमेंट भी हो चुका है। इसके उद्धाटन के लिए तिथि का निर्धारण होना है। उद्धाटन के बाद ही केंद्र का संचालन शुरू होगा। इस उपकेंद्र के चलने से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी आबादी को घर के नजदीक में ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, जिसमें गर्भवती महिलाओं की जांच व नवजात शिशुओं के टीकाकरण आदि शामिल है।
प्रत्येक उपकेंद्र पर व्यय होगा तीन हजार हर माह
जिले में किराए के भवन में उपकेंद्र संचालित करने के लिए एक केंद्र का किराय 3000 रुपये प्रति माह व्यय होगा। इस तरह हर माह 4, 17, 000 रुपये व्यय होंगे। केंद्र पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जिससे स्वास्थ्य संबंधित समस्या दूर होगी।