कोठीभार थाने पर समस्या सुनते डीएम डॉ उज्जवल कुमार व एसपी प्रदीप गुप्ता।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
थाना समाधान दिवस पर 13 मामलों का निस्तारण
- अधिकारियों ने सुनी लोगों की फरियाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। थाना समाधान दिवस पर जिले के सभी थानों में जनता की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया। 76 मामले में आए जिसमें से 13 मामलों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने थाना घुघली व कोठीभार पर थाना दिवस की अध्यक्षता की। घुघली थाने पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष/राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया कि पुलिस/राजस्व की टीम गठित कर निरीक्षण करें और निष्पक्ष विवेचना कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश किया कि सभी शिकायतकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार करें और उनके लिए आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराएं।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार थाने पर आयोजित समाधान दिवस का औचक निरीक्षण अपर जिलाधिकारी कुंजविहारी अग्रवाल एवं पुलिस उपाधीक्षक निवेश कटियार ने किया। थाने पर आए कुल 5 मामलों में तीन का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जबकि बाकी दो मामलों के निस्तारण के लिए टीम भेज दी गई। एसडीएम कुंजविहारी अग्रवाल ने कानूनगो संजीवन वर्मा को दो थाना क्षेत्र में कार्यरत लेखपालों का रोस्टर बनाने का आदेश दिया। एडिशनल एसपी निवेश कटियार ने थाने में अभिलेख, बैरक, मेस समेत महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क में मौजूद महिला शिकायत रजिस्टर में कमियों को दूर करने एवं महिला फरियादी को बैठने की उचित व्यवस्था करने का आदेश दिया। इस मौके पर तहसीलदार सदर नरेश चंद, नायब तहसीलदार विवेकानंद दुबे, नवनीत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार सिंदुरिया थाने में राजस्व से संबंधित एक मामला मिठौरा से आया। थाना प्रभारी सिंदुरिया अजित कुमार ने बताया हल्का लेखपाल मिठौरा को जांच कर आख्या देने को कहा गया है। कोल्हुई प्रतिनिधि के अनुसार थाना परिसर में एसडीएम फरेंदा अभय कुमार गुप्ता एवं सीओ फरेंदा सुनील दत्त दुबे मामलों की सुनवाई की। 5 मामले राजस्व के आए जिसका तत्काल निस्तारण कर दिया गया।