वाराणसी के कबीरचौरा स्थित जिला महिला अस्पताल में महिलाओं को एमसीएच विंग की सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। हालत यह है कि करीब 20 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बेड के इस विंग के निर्माण की समय सीमा बीतने के करीब साल भर बाद भी अब तक काम अधूरा ही है। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अवधेश श्रीवास्तव की मौत के बाद से यह काम आगे नहीं बढ़ पाया है।
अस्पताल परिसर में प्रमुख अधीक्षक कार्यालय के सामने बन रहे इस विंग का निर्माण कार्य 4 सितंबर 2015 से शुरू होकर 30 नवंबर 2017 को खत्म हो जाना था लेकिन तय समय के दो साल बाद भी अब तक काम अधूरा ही है। अब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सिद्धार्थनाथ सिंह के साथ ही डीएम, कमिश्नर भी कई बार दौरा कर चुके हैं।
हर बार अधिकारियों की ओर से भी कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश भी दिया जाता है लेकिन अब तक यहां पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं हो पाई है और न ही जलनिकासी की कोई व्यवस्था है। इधर ठेकेदार अवधेश श्रीवास्तव की मौत के बाद से ही काम प्रभावित है।
जिला महिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरपी कुशवाहा ने बताया कि एमसीएच विंग का काम कब तक पूरा हो जाएगा, इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ही बता पाएंगे। जब तक अस्पताल को बिल्डिंग हैंडओवर न हो जाए कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।