लंदन (ब्रिटेन) निवासी 25 वर्षीय हैन्ना कन 9000 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा कर शनिवार शाम सोनभद्र पहुंचीं। वह वियतनाम, थाइलैंड, बर्मा, बांग्लादेश से होकर झारखंड के रास्ते सोनभद्र के कोन पहुंचीं। दुनिया में इंसानियत का संदेश देने के लिए करीब एक साल पहले उन्होंने यह यात्रा शुरू की थी।
हैन्ना प्रतिदिन 100 किलोमीटर की यात्रा साइकिल से करती हैं। हैन्ना के यहां से वाराणसी और फिर वहां से उत्तराखंड जाने का प्लान है। हैन्ना कन जब कोन बाजार में पहुंची तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। युवती ने बताया कि वह दुनिया में प्यार बांटने का संदेश देने के लिए निकली हैं।