नोएडा प्राधिकरण ने लेफ्ट आउट स्कीम दिवाली पर लांच करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना में 866 फ्लैट शामिल किए जाएंगे। हालांकि इनकी कीमत अभी तय नहीं की जा सकी है।
प्राधिकरण के मुताबिक सेक्टर 66 में श्रमिक कुंज, सेक्टर 71 व 73 में ईडब्ल्यूएस व एलआईजी फ्लैट, सेक्टर 55, 93, 110, 135 सहित विभिन्न सेक्टरों में ऐसे फ्लैट बचे हैं, जिनका आवंटन किसी कारणवश नहीं हो सका। इन फ्लैटों को योजना में शामिल तो किया गया था, मगर आवंटन नहीं हो सका।
इनमें श्रमिक कुंज, ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी व कुछ एचआईजी फ्लैट शामिल हैं। प्राधिकरण एक महीने से इन फ्लैटों का सर्वे करवा रहा था। अब सर्वे का काम पूरा हो गया है।
पढ़े-मकानों के नए खरीदार, ऐसे बचाएं लाखों रुपए
प्राधिकरण के डीसीईओ अखिलेश सिंह ने बताया कि कुल 866 फ्लैट चिह्नित कर लिए गए हैं। दिवाली के आसपास इस योजना को लांच किया जा सकता है। इनकी कीमत तय करने का काम अभी चल रहा है। चूंकि ये फ्लैट पुराने सेक्टरों में हैं, इसलिए इनकी कीमत भी मार्केट रेट से कुछ ही कम होगी।
बता दें, कि 2006-07 के बाद पहली बार फ्लैटों की योजना लांच की जा रही है। दुकानों के भूखंडों की योजना पहले ही आ चुकी है, जबकि औद्योगिक भूखंडों की योजना अभी चल रही है।