राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार सरकार मिड-डे मील घटना की लीपापोती में जुटी हुई है। नीतीश राज में बिहार में कुछ भी ठीक नहीं हो रहा है। गलती सरकार करती है और ठीकरा विपक्ष पर फोड़ा जाता है।
उन्होंने कहा कि मिड-डे मील की घटना के लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। सरकार की लापरवाही से ही 23 बच्चों की मौत हुई। स्कूल के प्रधानाचार्य, मास्टर व चपरासी सभी सरकार के पिट्ठू हैं।
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार की दोपहर मिर्जापुर रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष नीतीश बाबू से यह जानना चाहता है कि मिड-डे मील की रसोई के लिए केंद्र से आया 463 करोड़ रुपया कहां खर्च हुआ?
उन्होंने कहा कि उन पैसों से अच्छा खाना खिलाया जा सकता था लेकिन मासूमों का सड़ा-गला खाना परोसा जा रहा है। आरएसएस पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के आरोप की बाबत जब लालू यादव से पूछा गया तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि दिग्गी बाबू महान हैं। उन्हें सब पता है कहां, क्या हो रहा और कौन क्या करता है?
देश की जनता को गुस्सैल बताने के राहुल गांधी के बयान पर लालू ने बेहद सधे अंदाज में कहा, बिल्कुल सही। राहुल जी अब देश की जनता के मिजाज को समझने लगे हैं।