बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी या लालकृष्ण आडवाणी को किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री नहीं बनने दूंगा, चाहे इसके लिए मुझे कोई भी कुर्बानी देनी पड़े।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में कोई कमी नहीं है, वह प्रधानमंत्री बनने के काबिल हैं। राजद नेता ने कहा कि देश में भारी संख्या में ऐसे गरीब हैं जिन्हें दो वक्त की नमक-रोटी भी नसीब नहीं है।
लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद अष्टभुजा पहाड़ पर स्थित जिला पंचायत के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कांग्रेस सेक्युलर पार्टी है, इसलिए हम उसका समर्थन कर रहे हैं। लालू ने नीतिश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री का भांडा पूरी तरह से फूट चुका है। बिहार में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला है।
मुख्यमंत्री नीतिश कुमार मधुबनी से लेकर छठ हादसे तक हर घटना को विपक्ष की साजिश बताते हैं, जो सरासर गलत है। जबकि सभी घटनाओं के लिए सरकार और मुख्यमंत्री उत्तरदायी हैं।