ललितपुर। थाना बार के ग्राम संसुआ में युवक ने नहर में कूदकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर बार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।
थाना बार अंतर्गत ग्राम संसुआ निवासी राहुल कुशवाहा (18) पुत्र गब्दू कुशवाहा का एक माह से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था, जिसके चलते परिजन उसका उपचार ग्वालियर में करा रहे थे। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे राहुल उठकर अचानक से घर से निकलकर खेत की ओर चला गया जिस पर उसकी मां ने उसके चाचा हरपू को उठाया और बेटे की घर से जाने की बात बताई, जिस पर उसके चाचा साइकिल लेकर उसे खोजने चले गए, लेकिन वह रास्ते में ही चाचा को मिल गया। इस पर चाचा ने घर जाने की बात कही तो वह उनकी साइकिल लेकर खेत के ही पास में नहर की ओर चला गया। वहीं पीछे से उसके चाचा भी खेत पर पहुंच गए, जहां से नहर दिखाई देती है।
उन्होंने देखा तो राहुल नहर के पास में खड़ा था। फिर उसके चाचा कुछ काम करने लगे और कुछ देर बाद फिर से भतीजे राहुल को देखा तो उनकी साइकिल तो नहर के पास खड़ी थी, लेकिन राहुल दिखाई नहीं दिया, जिस पर उन्होंने वहां जाकर देखा तो वह दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आसपास के कुछ लोगों को बुलाया और नहर में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। उन्होंने थाना बार पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पानी में उतरकर खोजबीन की तो कुछ ही दूरी पर उसका शव पानी में मिल गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा हरपूू ने बताया कि वह तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटा था और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उसका इलाज चल रहा था। वह बारहवीं में पढ़ता था।