राज्य महिला आयोग की सदस्य जन सुनबाई सुनती हुई
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. कंचन जायसवाल ने कहा कि महिलाएं अपने साथ होने वाले किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त न करें, बल्कि उसका डटकर सामना करें।
बुधवार को विकास भवन के सभागार में कल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर और महिला जन सुनवाई का कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर सात शिकायतें आईं, जिन्हें उन्होंने संबंधित विभाग को निस्तारण के लिए सौंप दिया।
शिविर में उन्होंने कहा कि महिलाओं के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए महिला आयोग का गठन किया गया है। महिलाओं के उत्पीड़न संबंधी शिकायत दर्ज करने के लिए सरकार ने 112 और 1090 हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों पर किसी भी समय शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी की जाती है। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। शिविर में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पुलिस विभाग की तीन, महिला कल्याण विभाग की एक, डूडा की एक, कृषि की एक और युवा कल्याण विभाग की एक शिकायत प्राप्त हुई। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक अवस्थी, परियोजना अधिकारी डूडा राजीव शुक्ला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती उपस्थित रहे।