अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर के नझाई बाजार क्षेत्र में संचालित थोक फल व सब्जी मंडी को अमरपुर मंडी में स्थानांतरित करने की कवायद तेज हो गई है। डीएम सत्य प्रकाश ने व्यापारियों के साथ अमरपुर मंडी का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यापारियों की सहमति के बाद प्रशासन ने 100 दुकानों का आवंटन करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर के मध्य स्थित नझाई बाजार में वर्षों से थोक फल व सब्जी कारोबार संचालित है। सुबह के समय बड़ी संख्या में वाहनों और व्यापारियों की आवाजाही के कारण क्षेत्र में जाम और गंदगी की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों को भी यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन लंबे समय से थोक मंडी को अमरपुर मंडी में स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए पूर्व में कई बार फल एवं सब्जी व्यापारियों के साथ बैठकें हुईं, लेकिन किसी न किसी कारण से सहमति नहीं बन सकी। बुधवार को अमरपुर मंडी में आयोजित बैठक में डीएम ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुना। मंडी परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इसके बाद अधिकांश व्यापारियों ने मंडी स्थानांतरण पर सहमति जताई। व्यापारियों ने अमरपुर मंडी में पर्याप्त संख्या में दुकानों की मांग रखी। प्रशासन ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए 100 दुकानों के आवंटन का निर्णय लिया है। डीएम ने आवंटन प्रक्रिया जल्द कराने के साथ ही मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, एसडीएम मनीष कुमार, ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।