तालबेहट। दो दिन से क्षेत्र में बारिश बंद होने के बाद भी मध्य प्रदेश में हुई बारिश का प्रभाव क्षेत्र में आज भी नजर आ रहा है। इसके चलते लगभग दस दिन से लगातार माताटीला बांध के गेटों से जल निकासी की जा रही है। इसके चलते सुकुवा ढुकुवा बांध से भी गेटों से पानी निकलने का क्रम जारी है। लेकिन, पानी की रफ्तार धीमी हो गई है।
अगस्त की शुरूआत में पूरे जनपद में लगातार तीन दिन बारिश हुई। बूंद- बूंद पानी को तरस रही जनता तीन दिन की बारिश से बैचेन हो उठी। जगह जगह पानी ही पानी नजर आने लगा। नदी, नालों में उफान आ गया। इसके अलावा बांधों और तालाब पानी से लबालब हो गए। जिसके चलते माताटीला बांध सहित अन्य बांधों के गेट खोलकर जल निकासी शुरू हो गई, जो आज भी जारी है। बृहस्पतिवार को देर रात तक माताटीला बांध के नौ गेट दो फीट की ऊंचाई से खोलकर लगभग तीस हजार क्यूसेक पानी की निकासी जारी थी। इस संबंध में अवर अभियंता जीके मौर्या ने बताया कि इस समय मध्यप्रदेश में हो रही बारिश का पानी बांधों में आ रहा है। इस कारण जल निकासी जारी है।
माताटीला बांध से पानी छोड़े जाने के कारण सुकुवां ढुकुवां बांध में भी पानी गिरने का क्रम जारी है। लेकिन गेटों से पानी गिरने की रफ्तार पहले से काफी धीमी है। दोनों बांधों पर गिरते पानी के दृश्य को देखने प्रतिदिन सैलानी आ रहे है।