महरौनी। सामुदायिक विकास भवन सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक गहमा-गहमी और हंगामे के बीच हुई। बैठक में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पारदर्शिता पूर्ण विकास कार्य नहीं कराने के ब्लॉक प्रमुख पर आरोप लगाए। कुछ सदस्यों ने बैठक हस्ताक्षर रजिस्टर फाड़ दिया।
मुख्य अतिथि एमएलसी रमा निरंजन की मौजूदगी और ब्लॉक प्रमुख गौरा बाई की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में हुई बैठक में पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया। एजेंडे के अनुसार विभागों की चर्चा शुरू हुई। तभी असंतुष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करना शुरू कर दिया और तीखी नोंकझोंक होने लगी। इसी प्रकार से नवनिर्वाचित एमएलसी रमा निरंजन ने सभी असंतुष्ट सदस्यों को समझाया और मामले को शांत किया गया।
एमएलसी के जाने के बाद बैठक में फिर एक बार गहमागहमी बढ़ गई। कुछ असंतुष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बैठक हस्ताक्षर रजिस्टर को फाड़ दिया तो हंगामा शुरू हो गया। इसी हंगामे और गहमागहमी के बीच बैठक समाप्त हो गई। खंड विकास अधिकारी अर्जित प्रकाश ने बताया कि बैठक के बाद हंगामे की जानकारी मिल रही है। कुछ अज्ञात लोगों ने हस्ताक्षर रजिस्टर को फ़ाड़ दिया है। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखकर व उसके आधार पर संबंधित लोगों पर एफआईआर की जाएगी।