ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटौराकलां में ग्रामीण ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर नेहरूनगर चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि पड़ोसी से विवाद होने से क्षुब्ध हो गया था। इसके बाद उसने पत्नी की पिटाई कर दी थी। वह मायके चली गई। इस पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पटौराकलां निवासी दशरथ (27) पुत्र सुग्रीव अहिरवार का रविवार की रात को उसका पड़ोसी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने घर में आकर अपनी पत्नी को भी मारापीटा था जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई। इसके बाद सोमवार की रात को दशरथ ने घर में कमरे में ही छत के कुंदा पर साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। अगले दिन सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो उसका शव साड़ी के फंदे पर लटक रहा था।
जानकारी मिलने पर नेहरूनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई रामचरन ने बताया कि उसके भाई दशरथ जब रविवार की रात को शराब पीकर लौटा तो घर के पास ही एक व्यक्ति मिल गया और उसके भाई ने उससे दस हजार रुपये मांगे तो उसने उससे उसकी पत्नी के बारे में गलत बात कह दी जिस पर उसका उक्त व्यक्ति से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर गया और उसने पत्नी को मारापीटा और कमरे में बंद कर दिया। उसकी पत्नी किसी प्रकार बाहर आई और अपने मायके चली गई। तब उसका भाई फिर से उक्त व्यक्ति के घर गया तो उक्त व्यक्ति ने उसे फिर से घर में ही बांधकर मारापीटा। इसी बात से क्षुुब्ध होकर उसने सोमवार की रात को घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की एक बेटी व एक बेटा है और वह पांच भाईयों में दूसरे नंबर का था। इस मामले में नेहरूनगर चौकी इंचार्ज अतुल तिवारी ने बताया कि दशरथ ने रविवार की रात को विवाद के चलते पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह अपने मायके चली गई और युवक ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में जांच की जा रही है।