संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमृत योजना 2.0 में खोदी गईं चर्च रोड और नहर वाली रोड के दिन के दिन जल्द बहुरेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों से गड्ढे भरने के निर्देश दिए। इसके बाद बरसात के बाद नगर पालिका की ओर से स्वीकृत की गई इन सड़कों का नवनिर्माण किया जाएगा। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण के साथ खंभों को भी स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि यातायात को सुगम बनाया जा सके।
शहर में अमृत-2 योजना के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने को सड़कें तो खोदी गईं, लेकिन कई जगह न तो सड़कों की मरम्मत की गई और न ही गड्ढे ही भरे गए। अब बारिश भी शुरू हो गई है, ऐसे में इन मुख्य सड़कों पर सुरक्षित चलना भी दूभर हो गया है। ऐसे में अब जिलाधिकारी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके बारिश के दौरान इन सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, नगर पालिका के अधिकारियोंं को नगर संसाधन केंद्र से तुवन चौराहा तक जर्जर हो चुकी चर्च रोड व आजादपुरा में नहर किनारे होते हुए करीम नगर तक लगभग 700 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण को मंजूरी मिल गई है और इसका निर्माण लगभग 38 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
वहीं चर्च रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी है। यहां सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण भी होगा, जबकि खंभों को पीछे किया जाएगा। हालांकि जिलाधिकारी के निर्देश पर फिलहाल इन सड़कों के गड्ढों के भरने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा, जबकि नगर पालिका द्वारा इन सड़कों का जल्द ही टेंडर निकालकर आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और बारिश के बाद इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-
शहर के मुख्य चर्च रोड और आजादपुरा में नहर रोड की सड़कों के जल्द निर्माण को नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इससे पहले चर्च रोड के गड्ढों को भरवाने का काम कराया जाएगा।-सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी।