ललितपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन के तहत 10 मार्च को अमरपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति पर होने वाली मतगणना के लिए रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज में मतगणना कर्मचारियों को को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से कार्मिकों को मतगणना की बारीकियों से रूबरू कराया। प्रशिक्षण में बताया गया कि सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी।
जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि 10 मार्च को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंडी परिसर में दो स्थानों पर बने चबूतरों पर विधानसभावार मतगणना की जाएगी। सभी कार्मिक भलीभांति प्रशिक्षण प्राप्त कर लें, यदि कोई स्थिति अस्पष्ट हो तो उसे अभी स्पष्ट कर लें। सभी मतगणना कार्मिक निर्धारित समय पर गणना स्थल पर पहुंचना होगा। सभी के पास फोटोयुक्त प्रवेश पास अवश्य होना चाहिए।
उम्मीदवारों के अभिकर्ताओं के वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था मंडी परिसर के बाहर की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना में रिटर्निंग आफीसर आरओ हैंडबुक के अनुसार कार्य करें। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी केएन पांडेय, प्रशिक्षण अधिकारी सलीम खान, सहित मास्टर ट्रेनर्स एवं मतगणना कार्मिक मौजूद रहे।