मड़ावरा। बुधवार को गल्ला व्यापारी का शव उसके गोदाम में संदिग्ध हालात में लटका मिला। परिजनों ने षड़यंत्र के तहत मारकर लटकाने का आरोप लगाते हुए शव उतरवाने से पुलिस को रोक दिया। फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कराने की मांग पर अड़े परिजनों ने टीम पहुंचने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
कस्बा निवासी बालचंद का 38 वर्षीय पुत्र राकेश जैन रजौला बम्होरीकला में गल्ला खरीद का कारोबार करता था। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे उसका शव बम्होरीकला में स्थित गल्ले के गोदाम में नारियल की रस्सी से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने की बात की तो परिजनों ने षड़यंत्र के तहत मारकर लटकाने का आरोप लगाते हुए फॉरेंसिक टीम बुलाने की मांग कर दी।
परिजनों की मांग पर पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इससे कुछ देर बाद सीओ केशवनाथ घटना स्थल पर पहुंच गए और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। एसपी निखिल पाठक के निर्देश पर रात करीब पौने आठ बजे फील्ड यूनिट आवश्यक साक्ष्य एवं मुआयना करने के लिए मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस व्यापारी के साथ रहने वाले के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
----------
शव के निकट रुपये, पर्चे व चाबी रखी मिली
गोदाम में जिस जगह पर व्यापारी का शव लटका मिला उसके निकट ही कुछ रुपये, एक चाबी के नीचे पल्लेदारों के हिसाब के पर्चे लिखे मिले हैं। पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया है।
------------
गल्ला व्यापारी का शव उसी की गोदाम में लटका मिला है। घटना की हर स्तर पर जांच पड़ताल की गई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-केशवनाथ,सीओ
थाना इंचार्ज ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घटना स्थल के निकट रखी चाबी,रुपये व पर्चा- फोटो : LALITPUR