ललितपुर। पुलिस प्रशासन द्वारा जनपद में अपराधियों का खाका तैयार करना शुरु कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने थाना और जिला स्तर पर टॉप टेन अपराधियों की सूची बनाने और अपराधियों पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।
जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं और घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा अब संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की कुंडली खंगालने का काम शुरु कर दिया गया है। पुलिस विभाग द्वारा अब प्रत्येक थाना स्तर पर अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। जिनमें गैंगस्टर, माफिया या संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों उनके क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों की सूची तैयार करने और अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभी हाल में ही एक अपराधी मानवेंद्र सिंह के वाहनों की लगभग दस लाख कीमत की कुर्की की गई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना क्षेत्र स्तर और जिला स्तर पर टॉप टेन अपराधियों की सूची बनाई गई हैं और अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि अपराधियों पर अंकुश लगाकर जिला में अपराध कम करने की दिशा में काम किया जाएगा।