ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन नए कोविड संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। शनिवार को 1779 सैंपल की जांच में 91 कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 418 हो गई है। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती एक तीन माह मासूम बालिका की मौत हो गई। जिले की रहने वाली एक महिला की लखनऊ में मौत हो गई थी। वह भी कोरोना से पीड़ित थी। उसका इलाज लखनऊ में चल रहा था।
ब्लॉक बिरधा अंतर्गत जाखलौन कस्बा के वंशीपुरा निवासी वैष्णवी (तीन माह) की तबीयत खराब होने के चलते परिजन 16 जनवरी को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी ले गए। जहां पर कोविड जांच को लिए सैंपल में 17 जनवरी को कोविड पॉजिटिव पाई गई थी। जिसे भर्ती कर उपचार चल रहा था जिसकी 21 जनवरी की रात में उपचार के दौरान मौत हो गई है।
शनिवार को कोविड जांच टीमों द्वारा लिए गए 1779 सैंपल की जांच में 91 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें जिला कारागार में दो, पुलिस लाइन में एक, जिला अस्पताल परिसर निवासी एक, नई बस्ती-गांधीनगर निवासी 13, सिविल लाइन निवासी नौ, आजादपुरा निवासी पांच, बशुंधरा कॉलोनी निवासी तीन, तालाबपुरा, एसडीएस के पास निवासी, खिरकापुरा, नेहरूनगर, गोविंदनगर, सिद्दनपुरा निवासी दो-दो संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा नदीपुरा, बाहुबलि नगर, श्रद्घांनंदनपुरा, खिरकापुरा, नझाई बाजार, कटरा बाजार, इलाइट, कैलगुवां रोड, अजीतापुरा, घुसयाना, राजपूत कॉलौनी, बड़ापुरा आईटीआई कॉलोनी निवासी एक-एक संक्रमित मिले। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक तालबेहट व मड़ावरा में दस-दस, बिरधा निवासी चार, जखौरा दो, महरौनी व बार निवासी एक-एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन किया गया है। जिले में तीसरी लहर में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा लगातार संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। इसकी वजह से लोगों में दहशत भी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि अगर लोगों ने लापरवाही बरतनी कम न की तो दूसरी लहर जैसे हालात बन सकते हैं।
शनिवार को सैंपल की आई जांच रिपोर्ट में 91 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा एक तीन माह की संक्रमित मासूम बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई है। - डॉ. जीपी शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी