ललितपुर। एसओजी व कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका परिषद के कार्यालय एवं दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक आरोपी को गोविंदनगर तिराहा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही चोरियों से शहरवासी दहशत हैं जिसे लेकर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने कोतवाली पुलिस को चोरियां रोकने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत नगर पालिका की चोरी के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस को चोर को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है।
कोतवाली पुलिस ने बुधवार को सुबह करीब पांच बजे गोविंदनगर तिराहा से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम थाना नाराहट के ग्राम बरेजा निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह बताया। उस पर पहले से थाना महरौनी एवं मध्य प्रदेश के मालथौन में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। उसके पास से पांच टी शर्ट, पांच जींस एवं एक कुर्ता, एक जैकेट, एक मोबाइल और 230 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी को पकड़ने वाले टीम में एसओजी प्रभारी अंजनी कुमार सिंह, जायद अली, अभय सिंह, सुदर्शन पाठक, तेज प्रताप सिंह एवं सदर चौकी प्रभारी राहुल राठौर, गोविंद सक्सेना, महेंद्र कुमार व प्रशांत कुमार शामिल रहे।