ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के कैलगुवां बाईपास हाईवे के दोनों तरफ स्थित गौर कॉलोनी में एक दुकान और दो घरों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये की चोरी कर ले गए। चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें दुकान में तीन चोर और दूसरी कॉलोनी स्थित मकान में पांच चोर दिखाई दे रहे हैं। पीड़ितों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी मुकेश राठौर पुत्र शिवशंकर राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी गल्ला-बीज की दुकान कैलगुवां बाईपास स्थित गौर कॉलोनी में है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे जब वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान में रखा उसका एक लैपटॉप और पंद्रह हजार रुपये नगद चोरी हो गए हैं। उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा देखा तो उसमें तीन चोर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना बृहस्पतिवार की देर रात डेढ़ बजे की है। इसके साथ ही वहीं, उसके पड़ोस में भी एक घर का ताला तोड़ा गया है।
उधर, हाईवे के दूसरी ओर स्थित गौर कॉलोनी रावतयाना निवासी क्षत्रपाल सिंह पुत्र सुजान सिंह परमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके मकान के पास ही उसका भतीजा यशपाल सिंह पुत्र नौने राजा रहता है, जो मध्य प्रदेश के बीना में रिफाइनरी में इंजीनियर है। वह बृहस्पतिवार को अपनी ड्यूटी पर था। देर रात को चोर भतीजे यशपाल के मकान के ताले और कुंडी काटकर अंदर घुस गए और कमरे का ताला काटकर अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे लगभग एक लाख रुपये नगद, एक सोने का हार, सोने की चूड़ी का सेट और मंगलसूत्र, अंगूठी चोरी कर ले गए। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों के यशपाल के मकान में घुसने की घटना कैद हो गई। जिसमें पांच चोर नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मकान में विखरा पड़ा सामान- फोटो : LALITPUR