जखौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बांसी में पत्थर से कुचलकर हुए युवक की हत्या के आरोपी की 36 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही पकड़ में आ जाएगा। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मालुम हो कि बुधवार की शाम को गांव बांसी निवासी देवेंद्र (20) को उसका दोस्त घर से ले गया था बृहस्पतिवार सुबह उसका शव शहजाद नदी के किनारे एक खेत में पड़ा मिला था। उसके सिर को पत्थर से कुचल कर हत्या की गई थी घटना में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी निखिल पाठक ने घटनास्थल पर पहुंचकर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश थाना इंचार्ज को दिए थे। पुलिस की टीमें लगातार उसकी रिश्तेदारी व अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही लेकिन 36 घंटे बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं जल्द ही वह पकड़ में आ जाएगा।