ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनारी में एक दुकान के ताले तोड़कर दस हजार रुपये की चोरी हो गई है। चोरी की यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। जबकि गांव में ही एक गोदाम और एक दुकान के ताले तोड़े गए हैं।
शहर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरा निवासी दीपक कुमार साहू कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी दुकान ग्राम पनारी में प्राइमरी स्कूल के पास है। वह बीते पांच दिसंबर को शाम को पांच बजे दुकान बंद करके चला गया था। इसके बाद अगले दिन सोमवार को सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे पड़े थे और दराज से दस हजार रुपये गायब थे। उसने संभावना जताई कि चोर दुकान पर छत के रास्ते ऊपर के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसा होगा। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें दो चोर दुकान में चोरी करते दिख रहे हैं। इसके साथ ही गांव में ही श्रीराम साहू की खली की गोदाम एवं कृष्णा पांडेय की दुकानों के ताले भी चटखाए गए। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना की जांच कर रही है।