ललितपुर। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी रामप्रवेश ने मंगलवार को बार क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें कई अध्यापक स्कूल से गायब मिले, जिस पर उन्होंने ऐसे अध्यापकों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए ने मंगलवार को बार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बसतगुवां का निरीक्षण किया, जिसमें इंचार्ज प्रधानाध्यापक मेघना गोस्वामी 20 एवं 21 सितंबर को अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय में अधिक गंदगी व्याप्त थी। बच्चों को मध्यान्ह भोजन में फल एवं दूध का वितरण नहीं किया जाता है। विद्यालय के शौचालय अपूर्ण मिला। उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में कमियों के लिए एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसतगुवां के निरीक्षण में सहायक अध्यापक आलोक गुप्ता, अनुदेशक निधि गुप्ता एवं सरस्वती अनुपस्थित और मल्टी हैंडबॉश अपूर्ण मिला। उन्होंने सहायक अध्यापक आलोक गुप्ता का एक माह का वेतन रोकने और अनुदेशक निधि व सरस्वती का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटने के निर्देश दिए।
प्रावि खड़ैतपुरा बार के निरीक्षण में इंचार्ज अध्यापक कमलेश कुमार छह से 19 सितंबर तक चिकित्सीय अवकाश पर थे। 21 सितंबर को बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। उपस्थित पंजिका में पाया कि खंड शिक्षाधिकारी द्वारा निरीक्षण में सात से 10 सितंबर तक अनुपस्थित किया गया था, लेकिन कमलेश कुमार द्वारा उक्त तिथियों में हस्ताक्षर गए। उन्होंने कमलेश कुमार का एक माह का वेतन रोकने और एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। उप्रावि मथुराडांग, बार के निरीक्षण में प्रधान अध्यापक मलखान सिंह, सहायक अध्यापक रियाज अहमद, सहायक अध्यापक अनिल सिंह राठौर, अनुदेशक आनंद कुमार गुप्ता 15 सितंबर से लगातार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
इस उन्होंने सभी अनुपस्थित अध्यापकों का माह एक माह का वेतन अवरुद्ध करने और अनुदेशक शैलू सिंह एवं ज्योति बगवार का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काटने के निर्देश दिए। वहीं वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 में कराए गए कार्यों के बिल बाउचर कैशबुक समस्त वित्तीय अभिलेखों सहित एक सप्ताह में स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। प्रावि कसर में सहायक अध्यापक महेंद्र सिंह अनुपस्थित थे। उनका एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उप्रावि समेराडांग में अनुचर किशोर कुमार अनुपस्थित पाया गया, उसका अनुपस्थित दिवस का वेतन अवरुद्ध किया गया।