ललितपुर। सुम्मेरा तालाब दीपावली पर्व के पहले दूधिया रोशनी से नहाएगा। यहां नगर पालिका ने तालाब के चारों ओर 50 विद्युत पोल लगाने का निर्णय लिया है। अभी शाम होते ही तालाब के आसपास अंधेरा पसर जाता है, असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो जाते हैं।
सुम्मेरा तालाब का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व है। इससे समूचे जनपदवासियों की आस्थाएं जुड़ी हैं। लंबे समय तक तालाब उपेक्षा का शिकार रहा। वर्तमान पालिकाध्यक्ष रजनी साहू के कार्यकाल में तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। इसमें तालाब का गहरीकरण, घाट निर्माण आदि कार्य शामिल है। बीते दिनों तालाब से जलकुंभी हटाने का कार्य किया गया। मानसून सीजन में तालाब के किनारे पौधरोपण किया गया। कुछ स्वयंसेवी संस्थाएं भी तालाब सौंदर्यीकरण के लिए काम कर रही हैं। अब नगर पालिका परिषद द्वारा अब सुम्मेरा तालाब को बिजली से रोशन करने का निर्णय लिया गया। इसमें करीब 33 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस राशि में जीएसटी भी शामिल है।
सुम्मेरा तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य विवादों में भी रहा है। पूर्व में कुछ सभासदों ने घाटों के निर्माण सहित कई कामों की शिकायत की गई थी। जिस पर जिलाधिकारी ने जांच भी कराई थी। तालाब के चारों ओर 50 बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं। इसमें अंडरग्राउंड तार बिछाए जा रहे हैं।
----
सुम्मेरा तालाब में वोट क्लब शुरू करने की जरूरत है, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोग भी वोट क्लब का लुत्फ उठा सकेंगे, सौंदर्यीकरण बढ़ेगा।- राकेश
----
सुम्मेरा तालाब के लिए लोगों की गहरी आस्था है। यहां पुरुषोत्तम मास, कार्तिक मास का स्नान करने के लिए महिलाएं पहुंचती हैं, जल विहार का बड़ा आयोजन भी किया जाता है। अमित भारद्वाज
----
तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए कई पालिकाध्यक्षों से कार्य कराया लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे नागरिकों में गलत संदेश पहुंच रहा है। जनप्रतिनिधियों को ध्यान देने की आवश्यकता है। सुरेंद्र
----
सुम्मेरा तालाब का सौंदर्यीकरण का कार्य लंबे समय से चल रहा है। इसी कड़ी में अब सुम्मेरा तालाब के किनारे विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं, जिससे तालाब के आसपास अंधेरा न रहे। आशीष
----
सुम्मेरा तालाब के किनारे बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं। इससे तालाब के चारों ओर पर्याप्त रोशनी रहेगी।
रजनी साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद