ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दैलवारा के पास रेलवे लाइन पर एक छात्र का शव पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर दैलवारा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला नेहरूनगर निवासी राज रजक (18) पुत्र राजकुमार मंगलवार को अलसुबह करीब चार बजे घर से रोजाना की तरह घूमने जाने की बात कहकर निकला था। जब वह घूमकर काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास खोजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। जब परिजन दोपहर मे खोजते हुए जीआरपी और फिर कोतवाली पहुंचे, तो उन्हें बताया कि ग्राम सिलगन व खुरा के बीच खंभा नंबर 1045/20-22 स्थित डाउन रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिला है। जिस पर उन्होंने पोस्टमार्टम पहुंचकर देखा तो उसकी शिनाख्त राज रजक के रूप में की। मृतक के चचेरे भाई विमल ने बताया कि राज केंद्रीय विद्यालय में कक्षा दसवीं में पढ़ता था। वह सिलगन के पास रेलवे लाइन तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत झांसी की ओर जाने वाली हजरत निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।