ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महेशपुरा में बिजली लाइनमैन ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर नेहरूनगर चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम महेशपुरा निवासी पवन (26) पुत्र कैलाश राजपूत बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन का कार्य करता है। बीते रोज सोमवार को उसने दिन में ड्यूटी की और शाम को करीब पांच बजे घर लौटा। घर पहुंचकर वह गांव वालों और परिजनों से मिलकर बातें भी करता रहा। रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। रात में उसकी पत्नी कमरे में जा रही थी, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने पर वह अपनी सास के पास ही सो गई।
सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पत्नी ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने परिजनों को बताया, तो उन्होंने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा, तो पवन का शव पंखे से साड़ी के फंदे पर लटक रहा था। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता कैलाश राजपूत ने बताया कि उसका बेटा पवन कुछ समय से अलग रहने लगा था। खेती बाड़ी भी संभाल लेता था। उसे बिजली विभाग से ढाई माह से मानदेय भी नहीं मिला था और आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से वह परेशान रहता था। उसे आशंका है कि इसी वजह से परेशान होकर उसने फांसी लगाई होगी। मृतक का एक बेटा और बेटी है और वह दो भाईयों में बड़ा था।