ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला पिसनारी बाग स्थित होटल में शामिल हुए युवकों का रविवार रात होटल कर्मचारियों से विवाद हो गया, जिस पर होटल कर्मचारियों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना के बाद एक छात्र अचानक लापता हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कोतवाली पुलिस को रात में ही गुमशुदगी के लिए तहरीर दी। सोमवार को घटनास्थल के आसपास खोजबीन के दौरान युवक का शव कुएं में उतराता मिला। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस के अलावा एसपी निखिल पाठक सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मोहल्ला नदीपुरा स्थित राठौर भवन निवासी बीएससी एग्रीकल्चर छात्र रितिक राठौर (22) पुत्र जय कुमार राठौर रविवार की रात को करीब नौ बजे अपने पांच दोस्तों के साथ पिसनारी बाग राजघाट रोड स्थित विवाह घर में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। जहां उसके एक साथी का गेट पर होटल कर्मियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि होटल कर्मी युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे। घटना से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान युवकों को जिस तरफ मौका मिला वह उस तरफ भाग खड़ा हुआ। सभी साथी भागते हुए अपनी गाड़ी के पास पहुंचे लेकिन रितिक का इंतजार किए बगैर अपने घरों को निकल गए। देर रात तक रितिक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की, कुछ पता न चलने पर परिजन ने कोतवाली पुलिस में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी। सोमवार को सुबह परिजन होटल के आसपास खोजबीन करते हुए सड़क के दूसरी ओर खेतों में बने कुएं के पास पहुंचे जहां पर कुएं के पानी में रितिक का शव उतरता हुआ दिखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक, सीओ सदर फूलचंद्र, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। कोतवाली पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने होटल कर्मियों पर उनके रितिक की हत्या करने का आरोप लगाया है।
बीएससी एग्रीकल्चर के अंतिम वर्ष का छात्र था
मृतक रितिक शहर के पास स्थित एक महाविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ ही अपने घर पर एक हार्डवेयर की दुकान भी संचालित करता था। साथ ही अपने पिता के गल्ला के कारोबार में भी मदद करता था। परिवार में सबसे बड़ा होने पर परिवार का सहारा था। परिजन शादी की ही चर्चाएं कर रहे थे। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात में ही खोजबीन से बच सकती थी जान
पिसनारी स्थित विवाह घर के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रितिक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने शहर कोतवाली पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद मामले में अधिक रुचि नहीं ली गई। सुबह परिजन ही पुन: खोजबीन करने लगे। यदि गुमशुदगी की सूचना के बाद मौके पर ही तत्काल में खोजबीन हो जाती है तो शायद रिति की जान बच सकती थी।