ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम बांसी में जहर खाने से एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने से पहले उसने अपने मोबाइल की सारी हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। फिलहाल घरवाले भी जहर खाने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम बांसी निवासी अमर कुशवाहा (16) ग्यारहवीं का छात्र था। शुक्रवार की रात में करीब दस बजे उसने खाना खाया। रात में लगभग 12 बजे वह सोने के लिए चला गया। शनिवार को जब वह रोजाना की तरह सुबह पांच बजे उठने की बजाय सात बजे तक भी नहीं जागा, तो उसका मझला भाई मनोज उसे उठाने गया। मनोज ने देखा कि अमर के मुंह से नीला झाग निकल रहा था। उसका शरीर अकड़ा हुआ था। यह देख उसने परिजनों को बुलाया और अमर को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई मनोज ने बताया कि अमर चार भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। उसने यह भी बताया कि अमर के मुंह से नीला झाग निकल रहा था, इससे संभावना है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा, लेकिन इसका कारण पता नहीं चल सका है कि उसने ऐसा किन परिस्थितियों में किया है। वहीं अमर ने मरने से पहले अपने मोबाइल की सभी कॉल, व्हाट्सएप हिस्ट्री भी डिलीट कर दी थी। इससे यह भी संभावना है कि उसके मोबाइल में जरूर कोई ऐसा डाटा रहा होगा, जिससे उसकी मौत की वजह पता चल सकती थी। घरवालों ने फिलहाल पुलिस में किसी तरह की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया।